
शिशु के स्वास्थ्य और विकास की इस श्रृंखला में आज मैं 8 महीने के शिशु के विकास के बारे में बात करुँगी।
इस महीने में आपका बच्चा पहले से कहीं ज्यादा सक्रिय हो जाएगा। वह खुद से रेंगने लगेगा और घर में ही एक कोने से दूसरे कोने तक जाने लगेगा। आपके लिए उसको पकड़ पाना एक चुनौती से कम नहीं होगा। इस महीने में आहार विविधीकरण में भी कुछ और बदलाव आते हैं। कई प्रकार के नए भोजन शामिल किए जाते हैं। परन्तु, फिर भी कुछ चीज़े ऐसी हैं जो आप अपने 8 महीने के बच्चे को खाने के लिए दे सकती हैं, जबकि कई खाद्य पदार्थ ऐसे भी होते है जो इस उम्र में भी नहीं दिए जाने चाहिए। आप अपने बच्चे के बातचीत करने के तरीकों में और शारीरिक ताकत में भारी बदलाव देखेंगे। आइए हम 8 महीने के बच्चे के स्वास्थ्य और विकास के बारे में बात करें।
1शारीरिक विकास
आठवें महीने में, आपका बच्चा अपनी शारीरिक क्षमताओं में बहुत से बदलाव दिखाएगा। अब आप देखेंगे कि वह खुद से ही हर चीज़ को समझने और करने के लिए भी उत्सुक रहेगा। यद्यपि बच्चे को उसके पहले कदम उठाते हुए देखने के लिए अभी आपको कुछ समय तक इंतजार करना पड़ेगा, फिर भी आप उसे किसी फर्नीचर का सहारा लेकर खड़ा होते हुए देख पाएंगी।
आठवें महीने में, बच्चा उसके दोनों तरफ घूम या पलटी खा सकता है। इस महीने तक शिशु अपने सिर को अच्छे से नियंत्रित करन सीख लेता है। आठवें महीने में आपका बच्चा किसी भी आवाज़ को सुनकर, उसके स्रोत की और जाने लगता है अर्थात वह समझ पाता है कि आवाज़ किस तरफ से आ रही है। इसी वजह से किसी भी अप्रिय शोर पर शिशु विचलित हो जाता है औरवह परेशान होने वाली प्रतिक्रिया दे सकता है।
इस महीने तक, एक बच्चा समय को समझने में सक्षम हो जाता है। हालांकि, यह समझना मुश्किल है कि वह ऐसा कैसे कर पाता है, लेकिन फिर भी वह समय का आभास लगा लेता है। जैसे कि अंधेरा होते ही वह समझ जाएगा कि उसके पिता जी के घर आने का समय हो गया है।
WHO के अनुसार, 8 महीने की उम्र मे, लड़कों का औसत वजन 7.0 – 10.5 किलोग्राम के बीच होता है, जबकि लड़कियों का औसतन वजन 6.3 – 10.0 किलोग्राम तक होता है। ऊंचाई की बात की जाए तो, 8 महीने के लड़के की औसतन ऊंचाई 66.5 – 74.7 सेंटीमीटर हो सकती है, जबकि इस उम्र मे लड़कियों की औसतन ऊंचाई 64.3 – 73.2 सेंटीमीटर के बीच होती है।
2नींद
इस उम्र में शिशु रोजाना औसतन 13-14 घंटे सो लेता है।. आमतौर पर, आपके शिशु को सारी रात बिना किसी रुकावट के सोते रहना चाहिए, लेकिन फिर भी कई ऐसे शिशु होते है, जो इस उम्र में भी रात को कम से कम एक बार तो जागते ही हैं।
जरूर पढ़े – 7 महीने के शिशु के स्वास्थ्य और विकास के बारे में
3बातचीत
आठवां महीना संचार, भाषा और भाषण के विकास में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस महीने में आत्म-चेतना का विकास शुरू होता है और आपका शिशु खुद को एक ऐसे व्यक्ति के रूप में अनुभव करता है, जो दूसरों से अलग है।
इस महीने में शिशु खुद को दर्पण में पहचानना शुरू कर देता है। इसके अतिरिक्त, वह वस्तुओं और उनसे जुड़े प्रभावों को भी समझना शुरू कर देता है। इस उम्र में आपका शिशु अपनी दैनिक दिनचर्या से जुड़े सभी क्रियाकलापों को समझने लगता है। उदाहरण के लिए, इस उम्र में, जब भी आप उसे बिस्तर पर लिटाएंगी, तो वह समझ जाएगा कि अब उसे सोना है।
इस महीने में शिशु न केवल खिलौनों के लिए, बल्कि भोजन के लिए भी अपनी पसंद/नापसंद व्यक्त करने लगता है। अगर उसे कोई आहार पसंद नहीं है, तो वह मुंह फेर कर या जब आप उसे हाथ से खिला रही होंगी, तो आपके हाथ को अपने हाथ से धकेल कर उसे खाने से मना कर सकता है।
8 महीने का बच्चा जितने शब्द समझा नहीं पाता, उससे कही ज़्यादा समझ लेता है। उदाहरण के लिए, जब आप भोजन, दूध, पानी इत्यादि जैसे शब्दों का ज़िक्र करते हैं, तो वह उन वस्तुओं की ओर मुड़ कर देखने लगेगा।
4आहार विविधीकरण
इस उम्र में भी आपके शिशु को 710- 950 मिलीलीटर दूध (स्तनपान या फॉर्मुला दूध पाउडर) की आवश्यकता है। इसके अलावा, आप शिशु के आहार विविधीकरण के लिए उसके भोजन में कुछ ठोस आहार शामिल कर सकती हैं, जैसे कि अनाज, फल, सब्जियां, इत्यादि। इस बात को ध्यान में रखें कि ऐसे कुछ खाद्य पदार्थ जैसे अंडे का सफेद भाग, क्रीम, पुडिंग, शहद, पीनट बटर, मछली, जामुन, इत्यादि इस उम्र में भी बच्चे के लिए अच्छे नहीं हैं।
आठवें महीने में, शिशु की भोजन को चबाने की क्षमताओं का विकास होने लगता है। फिर भी, आपको यह सुनिश्चित करने की ज़रूरत है कि आप उसे कोई भी फल दे, वह ऐसे टुकड़ों में कटा हो, जो ज़्यादा छोटा न हो। अगर टुकड़े छोटे होंगे, तो शिशु के उस टुकड़े को निगल जाने और गले में फसा लेने का खतरा बना रहता है। जब भी आप अपने शिशु को कुछ खाने को दें, उस पर नज़र रखें।
जरूर पढ़े – आहार विविधीकरण – जानिये बच्चे की आहार में विविधता कैसे लाएं
5माता-पिता के लिए कुछ सुझाव
अब आपका शिशु घर में इधर से उधर खुद से रेंगने लगेगा, तो आपको चाहिए कि सभी तीखे किनारों को ठीक से ढक दें, ताकि उसे किसी किस्म की चोट न लगे।
फर्नीचर के तीखे हिस्सों को भी स्पंज इत्यादि से कवर कर दें।
क्योंकि अब आपका शिशु चीज़ों को पकड़ कर खड़ा होने लगेगा, आपको चाहिए कि या तो आप हर वह चीज़ जो आसानी से गिर सकती है, जैसे की फूलदान, हल्के मेज़, इत्यादि, को वहां से हटा दे या फिर अपने शिशु को इनके आसपास खेलने ही न दें।
अपने बच्चे को किसी ऐसे अजनबी के साथ रहने के लिए मजबूर न करें, जिसके साथ आपका बच्चा खुश न हो या किसी तरह की नाराजगी दिखाए।
अब क्योंकि आपका आपका बच्चा बहुत ज़्यादा गतिशील हो गया है, तो आपको इस बात का ख़ास ध्यान रखना है कि हर तरह की दवाइयां, जहरीले एवं विषैले पदार्थ उसकी पहुंच से दूर हों।
इसके अलावा, आवश्यक टीकाकरण के बारे में भी आपको खास ध्यान रखना है।
जब आपका शिशु 8 महीने का था, तो आपने उसमे कौन से दिलचस्प या असामान्य बदलाव देखे थे? हमसे ज़रूर बांटिए। हमें जानकार बहुत अच्छा लगेगा।
शिशु के स्वास्थ्य और विकास की और अधिक जानकारी
Do you need more help?
क्या आपको और मदद चाहिए?
- Write a Comment
- Write a Review
- Ask a Question
Be kind to others. False language, promotions, personal attacks, and spam will be removed.Ask questions if any, by visiting Ask a Question section.
दूसरों के प्रति उदार रहें, अभद्र भाषा का प्रयोग ना करें और किसी भी तरह का प्रचार ना करें।
यदि कोई प्रश्न हो तो, अपना प्रश्न पूछें सेक्शन पर जाएं।
सबसे पहले अपना अनुभव बाँटे।

















